हजारीबाग : चौपारण (हजारीबाग) में डॉक्टर्स डे पर एक शर्मनाक घटना सामने आई, जब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. सतीश कुमार को 3000 रुपए की अवैध राशि लेते रंगेहाथ पकड़ा गया। भ्रष्टाचार निरोधक इकाई (एसीबी) हजारीबाग की टीम ने यह कार्रवाई की। यह राशि दादपुर निवासी उज्ज्वल कुमार सिन्हा से ममता सेवा वाहन के लंबित भुगतान के बदले मांगी गई थी।

जानकारी के अनुसार, उज्ज्वल का वाहन 14 मार्च 2024 को मातृ सेवा योजना में दर्ज हुआ था और 24 अक्टूबर 2024 तक अधिकतर राशि प्राप्त हो चुकी थी। शेष भुगतान के लिए डॉ. सतीश ने 5000 की मांग की, लेकिन अंततः 3000 में सहमति बनी। शिकायत मिलने पर जांच एजेंसी ने जाल बिछाया और डॉ. सतीश को उनके कार्यस्थल पर पकड़ लिया। पकड़ने के बाद, जब उनके सरकारी आवास की तलाशी ली गई, तो 2.38 लाख रुपये नकद मिले। डॉ. सतीश इस रकम का कोई स्पष्ट या उचित कारण नहीं बता पाए। वे बिहार के मोतिहारी जिले के मूल निवासी हैं। उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के तहत हिरासत में भेज दिया गया। चौपारण में एसीबी की यह तीसरी बड़ी छापेमारी है, जिससे स्थानीय लोगों में खलबली मच गई है।




