सरायकेला : समाहरणालय के सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अगुवाई में आंतरिक संसाधन एवं राजस्व से जुड़ी समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, अपर नगर आयुक्त रवि प्रकाश, परिवहन विभाग के अधिकारी गिरजा शंकर महतो, मत्स्य विभाग के रौशन कुमार, उप निबंधन पदाधिकारी (सरायकेला एवं चांडिल), नगर निकायों के कार्यपालक अधिकारी तथा अन्य विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

उपायुक्त ने सभी विभागों के वार्षिक लक्ष्य के सापेक्ष अब तक की आय प्राप्ति की स्थिति का परीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि तय लक्ष्य की पूर्ति हेतु रणनीतिक तरीके से काम करें। उन्होंने अवैध खनन, शराब की गैरकानूनी बिक्री, भंडारण और संचालन के खिलाफ नियमपूर्वक कठोर कदम उठाने का निर्देश दिया। इसके अलावा, नगर निकाय क्षेत्रों में होर्डिंग टैक्स के लंबित बकाये की वसूली भी समय पर करने का आदेश दिया। समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने परिवहन विभाग, उत्पाद शाखा, निबंधन कार्यालय (सरायकेला व चांडिल), कार्यपालक अधिकारी तथा विद्युत विभाग को आय में सुधार के लिए कारगर पहल सुनिश्चित करने को कहा।




