रांची : झारखंड के विभिन्न इलाकों में मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं। भारतीय मौसम विभाग ने रांची, गुमला, खूंटी सहित 14 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने, आकाशीय बिजली गिरने और हल्की से लेकर मध्यम वर्षा की चेतावनी दी गई है। इस परिवर्तनशील मौसम की वजह से अधिकतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है, जिससे वातावरण अपेक्षाकृत ठंडा और आरामदायक हो सकता है। लोगों को तपिश से कुछ राहत मिलने के संकेत हैं।

18 मई से बंगाल की खाड़ी में संभावित निम्न वायुदाब के कारण झारखंड में व्यापक वर्षा की स्थिति बन सकती है। इसके परिणामस्वरूप तापमान में और भी कमी देखी जा सकती है।जिलानुसार संभावित तापमान की बात करें तो देवघर, दुमका, जामताड़ा, पाकुड़ जैसे उत्तरी-पूर्वी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहेगा। पलामू, चतरा और कोडरमा जैसे पश्चिमी हिस्सों में तापमान 42 डिग्री तक जा सकता है। वहीं, रांची, रामगढ़ और बोकारो समेत मध्यवर्ती इलाकों में तापमान थोड़ा कम, करीब 40 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।




