नई दिल्ली ( प्रतीक सिंह) : भारत-पाक संबंधों में बढ़ते तनाव के मद्देनजर रखते हुए सुरक्षा के कारणो से देश के 24 प्रमुख एयरपोर्ट्स पर नागरिक विमानों की उड़ानें फिलहाल रोक दी गई हैं। यह निर्णय NOTAM ( Notice to Airmen) दिशानिर्देशों के तहत लिया गया है, ताकि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

सूचना ब्यूरो द्वारा जारी नामों में जम्मू, श्रीनगर, लेह, अमृतसर, जैसलमेर, जोधपुर, शिमला, चंडीगढ़, लुधियाना जैसे हवाई ठिकाने सम्मिलित हैं, जो सीमा के नज़दीक या सामरिक दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील हैं। इन स्थानों पर सेवाएं स्थगित करना व्यापक निगरानी प्रणाली का हिस्सा बताया गया है। एयर इंडिया, अकासा और इंडिगो जैसी प्रमुख वायुसेवाओं ने यात्रियों के लिए दिशा-निर्देश साझा किए हैं। सभी से आग्रह किया गया है कि वे समय से तीन घंटे पूर्व टर्मिनल पर पहुँचें, सरकारी पहचान दस्तावेज़ साथ रखें, और जाँच प्रक्रिया के दौरान शांतिपूर्ण व्यवहार बनाए रखें। हैंड कैरी का अधिकतम भार सात किलो तय किया गया है। चेक-इन समय अब उड़ान के निर्धारित समय से 75 मिनट पूर्व बंद कर दिया जाएगा। सुरक्षा एजेंसियों के निर्देशानुसार, सभी को सख्त पड़ताल से गुजरना आवश्यक होगा। यात्रियों को सुझाया गया है कि वे अतिरिक्त समय लेकर यात्रा करें।




