रांची : झारखंड में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए मंगलवार की सुबह बोकारो जिले के चास क्षेत्र स्थित राणा प्रताप नगर में पेंट और रियल एस्टेट व्यवसाय से जुड़े महेश नागिया के निवास पर छापेमारी की। यह छानबीन सुबह से जारी है और अधिकारियों द्वारा दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है।

इससे पहले भी, लगभग दो सप्ताह पहले ईडी ने रांची सहित बोकारो में विभिन्न स्थानों पर एक साथ छानबीन की थी। उस समय उमायुष मल्टीकॉम प्राइवेट लिमिटेड के परियोजना प्रमुख किशोर किस्कू, साथ ही इजहार हुसैन और अख्तर हुसैन के उकरीद गांव स्थित आवासों और तेतुलिया स्थित कार्यालय में जांच की गई थी। तेतुलिया मौजा में खाता संख्या 59 और प्लॉट संख्या 450/426 के अंतर्गत आने वाले एक एकड़ तीन डिसमिल जमीन पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर हुए लेन-देन को लेकर ईडी की टीम ने सबूत जुटाने की कार्रवाई की थी। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से यह स्पष्ट है कि राज्य में भूमि संबंधी अनियमितताओं को लेकर जांच एजेंसी सख्त रुख अपनाए हुए है।




