चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले में एक बार फिर नक्सलियों की बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया गया है। छोटानागरा थाना क्षेत्र के वनग्राम डिकू पोंगा और हथना बेड़ा के बीच स्थित जंगल इलाके में सुरक्षा बलों को नक्सलियों द्वारा लगाए गए दो शक्तिशाली आइइडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) मिले हैं। यह आइइडी सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए लगाए गए थे। जैसे ही इनका पता चला, बम निरोधक दस्ता ने मौके पर पहुंचकर इन्हें नष्ट कर दिया।

एसपी आशुतोष शेखर ने बताया कि प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) के प्रमुख नेता जैसे मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, असीम मंडल, अजय महतो और अन्य अपने समर्थकों के साथ क्षेत्र में विध्वंसक गतिविधियों को अंजाम देने के लिए सक्रिय हैं। इसको देखते हुए सुरक्षा बलों ने 4 मार्च 2025 से एक विशेष संयुक्त अभियान शुरू किया, जो छोटानागरा और जराईकेला थाना के सीमावर्ती जंगल इलाकों में चल रहा है। यह अभियान नक्सलियों के खिलाफ निरंतर जारी रहेगा, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।




