सरायकेला / (संजीव मेहता) : प्रवीण सिंह सेवा संस्था की ओर से गणतंत्र दिवस के मौके ध्वजारोहण कर खेल-कूद प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। जिसमें सैंकड़ों की संख्या में प्रतिभागियों की भीड़ उमड़ी। कार्यक्रम आदित्यपुर एम टाइप स्थित दुर्गा पूजा मैदान में आयोजित हुआ। समाज सेवी संस्था प्रवीण सेवा संस्था की ओर से हर वर्ष यहां गणतंत्र दिवस के मौके पर राष्ट्रीय ध्वजारोहण सह खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित किया जाता है। वहीं देर शाम रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आदित्यपुर के स्थानीय निवासी, महिलाएं एवं बच्चे शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरूआत ईचागढ़ के पूर्व विधायक अरविंद कुमार सिंह द्वारा गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य पर राष्ट्रीय ध्वजारोहण कर किया गया। इसके बाद बच्चों एवं महिलाओं के लिए खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

मौके पर आदित्यपुर नगर निगम की उपनगर आयुक्त पारूल सिंह मुख्य रूप से मौजूद रही। उनका स्वागत एवं अभिनंदन पूर्व विधायक अरविंद कुमार सिंह द्वारा किया गया। इस मौके पर बच्चों के लिए कई खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित किए गए, जिसमें बच्चों को पुरस्कृत भी किया गया। महिलाओं के लिए भी मनोरंजक खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें मुख्य आकर्षण का केंद्र महिलाओं के लिए आयोजित रस्सा-कशी प्रतियोगिता रहा। इसमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। वहीं देर शाम नृत्य संगीत एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसका बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने जमकर लुत्फ उठाया।





