रांची : झारखंड में शीतलहर के कारण कड़ाके की ठंड जारी है। सुबह देर तक कोहरा छाया रहता है, जिससे लोग घरों से देर से निकल रहे हैं। वहीं, शाम होते ही ठंड बढ़ने से लोग जल्दी घरों में कैद हो रहे हैं। मौसम विभाग ने राज्य के आठ जिलों – बोकारो, धनबाद, रामगढ़, गढ़वा, चतरा, लातेहार, लोहरदगा और गुमला – में शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। ठंड से बचाव के लिए विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को घरों में रहने और गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। ठंड का प्रभाव इतना अधिक है कि ज्यादातर जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। मौसम केंद्र के प्रभारी अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले एक-दो दिनों तक न्यूनतम तापमान और गिर सकता है।

हालांकि, 19 दिसंबर से मौसम में बदलाव की संभावना है। तमिलनाडु में बन रहे सिस्टम के प्रभाव से झारखंड के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। 21 दिसंबर को राज्य के कई इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है, जो ठंड के प्रभाव को और बढ़ा सकती है। लोगों को इस दौरान सतर्क रहकर स्वास्थ्य का ध्यान रखने की सलाह दी गई है। गर्म कपड़े पहनें, पर्याप्त मात्रा में गर्म पेय लें और अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें।



