रांची / (संजीव मेहता ) : झारखंड में भी साइक्लोन फेंगल के तूफान का असर दिखने लगा है। साइक्लोन फेंगल के प्रभाव से झारखंड में आंशिक असर पड़ा है. साइक्लोन की वजह से जहां छिटपुट बारिश होने से धान की फसल बर्बाद होने के आसार हैं वहीं तापमान में 4 डिग्री गिरावट से थोड़ी ठंड भी बढ़ी है। जिसके वजह से लोग बिना किसी ठोस वजह के घरों से कम निकल रहे हैं, और पर्याप्त मात्रा में गर्म कपडे का इस्तेमाल कर रहे हैं, वैसे भारतीय मौसम विभाग के अनुसार अब 3 दिसंबर के बाद स्थिति सामान्य होने की संभावना जताई गई है। आपको बता दें कि साइक्लोन फेंगल का लैंडफॉल रविवार को हुआ था. इसकी वजह से तमिलनाडु और पुडुचेरी में भारी बारिश हो रही है. भारी बारिश के चलते चेन्नई के कई इलाकों में जलभराव हो गया और पेड़ उखड़ गए हैं. आईएमडी से प्राप्त सूचना अनुसार लैंडफॉल करने के बाद चक्रवाती तूफान फेंगाल के पश्चिम-दक्षिण पश्चिम की ओर बढ़ने और अगले छह घंटों में धीरे-धीरे कमजोर होकर एक डीप डिप्रेशन में बदलने का अनुमान है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और पुडुचेरी के कई हिस्सों में रेड अलर्ट जारी किया है. इस क्षेत्र में उच्च ज्वार और भारी वर्षा सहित मौसम में बदलाव होने का अनुमान है. इस साइक्लोन की वजह से तमिलनाडु, दक्षिण आंध्र प्रदेश, केरल और आंतरिक कर्नाटक के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है. जबकि अन्य राज्यों में केवल हल्की बूंदाबांदी और तेज हवाएं चलने के संकेत दिए गए हैं।




