रांची : झारखंड में आए दिन अपनी हक अधिकार और मांग के लिए आंदोलन होते रह रहे हैं। वही अपनी वर्षों से लंबित मांगों को लेकर राज्य के 65 हजार पारा शिक्षक (सहायक अध्यापक) अब सरकार से आर-पार के मूड और तैयारी में हैं। झारखंड सहायक अध्यापक संघर्ष मोर्चा द्वारा राज्य स्तरीय बैठक रांची के दादा – दादी मोरहाबादी पार्क में हुई।
बैठक में काफी संख्या में राज्य भर के अध्यापक एकत्रित हुए और आंदोलन को जोरदार धार देने के लिए रणनीति बनाए गए। राज्य के सभी जिले के सभी प्रखंड स्तर पर आंदोलन के लिए अलग-अलग क्षेत्र में बैठक कर रणनीति बनाने और आंदोलन को तेज करने के लिए आह्वान किया गया। सभी प्रखंड इकाई की संयुक्त बैठक की जाएगी और सभी जिलों में सभी संगठनों की संयुक्त बैठक होगी। 19 दिसंबर को विधानसभा का घेराव कार्यक्रम होगा। वही 28 दिसंबर से अनिश्चितकालीन मुख्यमंत्री आवास घेराव किए जाने को लेकर सभी स्तर पर अभियान चलाने और रांची में अधिक से अधिक संख्या में जुटकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद करने की बातें कही गई । बैठक की अध्यक्षता बिनोद बिहारी महतो एवं संचालन सिद्दीक शेख ने किया. बिनोद बिहारी महतो, बिनोद तिवारी, सिद्दीक शेख,सिंटू सिंह, विकास कुमार चौधरी,सुमन कुमार, निरंजन डे, बेलाल अहमद, नेली लुकास, शकील अहमद,विरेन्द्र राय,भागवत तिवारी सहित काफी संख्या में अध्यापक उपस्थित रहे।




