सरायकेला: आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 23 के निवासी लंबे समय से अव्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे हैं। विडंबना यह है कि जिस क्षेत्र में नगर निगम का कार्यालय स्थित है, वहीं उसके सामने ही पूरे क्षेत्र का कचरा खुले में जमा किया जाता है। इस तरीके से कचरा निस्तारण की वजह से आसपास के इलाकों में दुर्गंध फैलने के साथ–साथ संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ता जा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार कई बार संबंधित एजेंसी और नगर निगम अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि लगातार बढ़ती समस्या से परेशान होकर 17 मई को मोहल्लावासियों के सहयोग से इस डंपिंग स्थल को बंद कराया गया। इसके बाद कुछ समय तक कचरा फेंकना बंद रहा, लेकिन कुछ ही दिनों में फिर से कचरा डंप करना शुरू कर दिया गया, जिससे लोगों का गुस्सा और आक्रोश बढ़ गया है।

इलाके के लोगों ने बताया कि कचरा समस्या ही अकेली परेशानी नहीं भी है। वहीं कॉलोनी की सड़कों की स्थिति भी बेहद खराब है, जिन पर चलना भी मुश्किल हो गया है। इन सभी परिस्थितियों को देखते हुए कॉलोनी के लोग आंदोलन के लिए तैयार हो गए हैं। क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता रंजीत सैंडीलऔर निवासी ने घोषणा की है कि वे 1 नवंबर से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठेंगे। पूर्व पार्षद नीतू शर्मा के आंदोलन का भी हम लोग समर्थन करते है, जिन्होंने स्थानीय जनता की समस्याओं को लेकर हमेशा संघर्ष शील रहती है। स्थानीय लोगों ने स्पष्ट कहा है कि अगर उनकी मांगों पर शीघ्र पहल नहीं की गई, तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।।




