गिरिडीह : गिरिडीह जिले के पीरटांड थाना क्षेत्र के जिलेबिया मोड़ में गुरुवार सुबह एक सड़क दुर्घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक सरिया थाना क्षेत्र के कारीपहरी निवासी मुन्नीलाल मरांडी (20वर्ष), पिता सुरेन्द्र मरांडी है। जानकारी के अनुसार, मुन्नीलाल मरांडी चिरकी में लगे जतरा मेला घूमने के बाद आज गुरुवार की मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था।

इसी दौरान जिलेबिया मोड़ के पास उसकी मोटरसाइकिल एक चारपहिया वाहन से टकरा गई। रफ्तार अधिक रहने के कारण टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए और युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पीरटांड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को एंबुलेंस से गिरिडीह सदर अस्पताल भेजा। प्राथमिक उपचार करने के बाद युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।




