युपी :उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। जिले में हालात सामान्य बने रहें और किसी तरह की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरों की मदद से निगरानी रखी जा रही है ताकि भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों और गलियों में छोटी से छोटी गतिविधि पर भी पैनी नजर रखी जा सके। सूत्रों के मुताबिक, जिले में अफवाहों पर रोक लगाने और सोशल मीडिया के जरिए फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं को रोकने के लिए इंटरनेट सेवाएं 24 घंटे के लिए बंद कर दी गई हैं। प्रशासन का मानना है कि असामाजिक तत्व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर अफवाह फैलाने की कोशिश कर सकते हैं, जिससे कानून-व्यवस्था बिगड़ सकती है।

वरीय अधिकारी,जिलाधिकारी और पुलिस कप्तान लगातार सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं । संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, वहीं पीएसी और दंगा नियंत्रण दल भी चौकन्ने मोड में हैं। अधिकारी खुद फील्ड में जाकर हालात का जायजा ले रहे हैं। ड्रोन निगरानी के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरों से भी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सूचना को तुरंत पुलिस को दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। वहीं इंटरनेट बंद होने से छात्रों और कारोबारियों को असुविधा हो रही है, लेकिन प्रशासन का कहना है कि यह कदम केवल सुरक्षा की दृष्टि से अस्थायी तौर पर उठाया गया है।




