जमशेदपुर : जमशेदपुर में एक ओर जहां पूजा को लेकर पुलिस सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर रही है, वहीं दूसरी ओर सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के जाहेर टोला में दिनदहाड़े चोरी की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शुक्रवार सुबह चार से पांच बदमाश एक बंद घर को निशाना बनाकर जबरन घुस आए और नगदी व जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना के वक्त घर के सदस्य साकची बाजार खरीदारी के लिए गए थे।

दोपहर करीब 12 बजे लौटने पर उन्होंने घर का दरवाजा टूटा पाया और सारा सामान बिखरा हुआ मिला। घर मालिक विनोद कुमार ने बताया कि उनकी मां कैंसर से पीड़ित हैं और उन्हें इलाज के लिए पांच अक्टूबर को शहर से बाहर ले जाना था। इसके लिए घर में 55,000 रुपये नगद और करीब 60,000 रुपये के जेवर रखे हुए थे। यह सारी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें साफ दिख रहा है कि बदमाश मुख्य दरवाजे को लात मारकर तोड़ते हैं और भीतर घुसकर अलमारी से सामान निकालते हैं। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की कोशिश की जा रही है।




