Saraikela (संजीव मेहता) : सरायकेला खरसावां उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, सरायकेला के नेतृत्व में आज खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुबीर रंजन द्वारा आदित्यपुर क्षेत्र के शेरे पंजाब चौक, इमली चौक तथा गम्हरिया क्षेत्र स्थित विभिन्न मिठाई दुकानों का सघन निरीक्षण किया गया और मिठाइयों के सैंपल जांच के लिए भेज दिए गए हैं.
निरीक्षण के दौरान पनीर, खोवा एवं दूध से बनी मिठाइयों, लड्डू, बूंदिया, चाट तथा समोसे में प्रयुक्त मसालों की गुणवत्ता की जाँच की गई. जाँच में पाया गया कि कुछ दुकानों में समोसा मसाला पैकेटों पर समुचित लेबल नहीं थे, जिस कारण कुल 30 पैकेट मसाला मौके पर ही नष्ट कराए गए. साथ ही सभी दुकानदारों को यह निर्देश दिया गया कि अखबार में लपेटकर खाद्य सामग्री का विक्रय न करें. निरीक्षण के दौरान उपलब्ध सभी अखबार-निर्मित पैकेटों को नष्ट किया गया.

दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी गई कि भविष्य में ऐसा करते पाए जाने पर उनके विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत सख्त कार्रवाई की जाएगी. निरीक्षण के क्रम में दो दुकानों से खाद्य पदार्थों के नमूने जांच हेतु लिए गए हैं, जिन्हें प्रयोगशाला परीक्षण के लिए विधि अनुसार भेजा गया है. जाँच प्रतिवेदन प्राप्त होने के उपरांत आवश्यक अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी. खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुबीर रंजन ने बताया कि उपायुक्त के निर्देश पर त्योहारों के मद्देनज़र जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा. आम जनता से अपील की गई है कि यदि किसी प्रतिष्ठान में अस्वच्छ या मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री की जा रही हो, तो उसकी सूचना तत्काल जिला प्रशासन अथवा खाद्य सुरक्षा विभाग को दें.




