जमशेदपुर : बड़ा गम्हरिया में शिव भक्त समिति द्वारा आयोजित तीन दिवसीय भोक्ता पूजनोत्सव की शुरुआत बुधवार को भक्तिभाव के साथ हुई। पहले दिन 100 से अधिक श्रद्धालुओं ने उपवास रखते हुए शिव बांध में स्नान कर विधिपूर्वक पूजा-पाठ और संकल्प लिया। इसके बाद सभी श्रद्धालु लगभग एक किलोमीटर की दूरी तक दंडवत प्रणाम करते हुए बांकापाड़ा स्थित शिव धाम पहुँचे।

यात्रा मार्ग में ग्रामीणों ने रास्ता साफ कर पानी छिड़कते हुए श्रद्धालुओं का स्वागत किया और सेवा की। मंदिर में पहुँचकर सभी ने आस्था के साथ रुद्राभिषेक कर क्षेत्र में सुख-समृद्धि की कामना की। शाम को समिति द्वारा भक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय कलाकारों ने भाग लिया। आयोजन के दौरान तीन दिनों तक विविध धार्मिक गतिविधियाँ संपन्न की जाएँगी। इस सफल आयोजन में मुख्य पुरोहित गणेश मुखर्जी, सोमनाथ मुखर्जी के अलावा समिति के प्रमुख भृगुराम पाल, सचिव माथुर दास, कोषाध्यक्ष प्रेमचंद दास, तथा सहयोगी सदस्य तपन चौधरी, बादल दास, मनोरंजन बेज, किशोर बेज, मोहित दास सहित कई लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस कार्यक्रम ने पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का वातावरण बना दिया।




