सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गम्हरिया स्थित लाल बिल्डिंग चौक में टाटा स्टील की बस में स्थानीय युवकों द्वारा तोड़फोड़ करने की घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब लगभग 3 बजे एक स्थानीय युवक बिना अनुमति टाटा स्टील की बस में सवार हो गया।
बस में मौजूद कर्मचारियों ने उसे नीचे उतार दिया, जिससे युवक आक्रोशित हो गया। इसके बाद उक्त युवक ने अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया और सभी ने मिलकर लाल बिल्डिंग चौक में खड़ी टाटा स्टील की बस में तोड़फोड़ शुरू कर दी। अचानक हुई इस घटना से वहां कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग इधर-उधर भागने लगे।

घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने बस को हुए नुकसान का जायजा लिया और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और दोषियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।






