रांची : झारखंड की नई डीजीपी तदाशा मिश्रा ने शुक्रवार को कार्यभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण करने के बाद वे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलने सीएम आवास पहुंचीं और राज्य की सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा की। मिश्रा ने कहा कि इस समय राज्य स्थापना दिवस कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराना प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि पुलिस की बुनियादी कार्यशैली और प्रभावी कानून-व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

नक्सल गतिविधियों और संगठित अपराधों के खिलाफ कार्रवाई पूर्व की तरह जारी रहेगी। डीजीपी ने कहा कि पुलिस विभाग सामूहिक प्रयासों से बेहतर परिणाम देता है, और उन्हें इस दायित्व के लिए एक सक्षम टीम मिली है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि प्रशासन के लक्ष्यों को साकार करने के लिए सभी अधिकारी मिलकर काम करेंगे। महिलाओं, बच्चों और वंचित तबकों की सुरक्षा पुलिस की प्रमुख जिम्मेदारी होगी। ज्ञात हो कि पूर्व डीजीपी अनुराग गुप्ता के स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने के बाद तदाशा मिश्रा की नियुक्ति हुई है। उनकी नियुक्ति से जुड़ा आदेश गुरुवार रात जारी किया गया था। मिश्रा ने यह भी कहा कि पुलिस बल के मनोबल को ऊंचा रखना और जनता का विश्वास जीतना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।



