सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले के गम्हरिया निवासी स्वर्गीय भोलानाथ चौधरी की चतुर्थ पुण्यतिथि के अवसर पर रविवार को होटल पारस हाइट में एक विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य दिवंगत भोलानाथ चौधरी की पुण्यतिथि को समाज सेवा के रूप में यादगार रहता। आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और मानवता की सेवा के लिए अपना रक्तदान किया।
शिविर में कुल 137 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जो जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदान साबित होगा। आयोजन स्थल पर स्थानीय समाजसेवियों, डॉक्टरों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। रक्त संग्रहण प्रक्रिया को पूरी तरह सुरक्षित और चिकित्सकों की देखरेख में संपन्न किया गया।

इस अवसर पर राजू चौधरी ने कहा कि रक्तदान महादान है और यह सबसे बड़ा मानवीय योगदान है। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि वे नियमित रूप से रक्तदान कर समाज की सेवा करें, क्योंकि एक यूनिट रक्त कई जिंदगियों को बचाने में मददगार हो सकता है।
कार्यक्रम के अंत में भोलानाथ चौधरी को श्रद्धांजलि दी गई और उनके आदर्शों को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया गया। इस आयोजन ने उनके योगदान और समाज सेवा की परंपरा को जीवित रखने का संदेश दिया।




