दिल्ली ( प्रतीक सिंह ) : पिछले कुछ दिनों में अटारी-वाघा सीमा पर भारी आवाजाही देखने को मिली, जहां बड़ी संख्या में पाकिस्तानी नागरिक भारत से रवाना हुए। पहलगाम हमले के बाद भारत सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के तहत अल्पकालिक वीजा धारकों को देश छोड़ने के लिए कहा गया था। रविवार तक लगभग 509 पाकिस्तानी नागरिक भारत छोड़ चुके हैं, जिनमें राजनयिक और अधिकारी भी शामिल हैं।

अधिकारियों ने अनुमान जताया कि वीजा की समयसीमा समाप्त होने के कारण और भी नागरिक वापसी कर सकते हैं। इस दौरान पाकिस्तान से 745 भारतीय नागरिक भी लौटे, जिनमें कई राजनयिक और सरकारी कर्मचारी थे। 25 से 27 अप्रैल के बीच चरणबद्ध तरीके से लोगों की आवाजाही हुई, जिसमें सैकड़ों की संख्या में लोग सीमा पार करते देखे गए। विशेष वीजा श्रेणियों जैसे आगंतुक, व्यवसाय, तीर्थयात्रा और सम्मेलन वीजा धारकों को वापस लौटने का निर्देश दिया गया है। कुछ पाकिस्तानी नागरिक भारत से हवाई मार्ग द्वारा दूसरे देशों के रास्ते जा सकते हैं, क्योंकि भारत और पाकिस्तान के बीच सीधी उड़ानें नहीं हैं। अटारी सीमा पर विदाई के भावुक दृश्य देखने को मिले, जहां रिश्तेदारों की आंखों में जुदाई का दर्द साफ झलक रहा था।



