रांची : वर्ष 2026 के श्रावणी मेला को लेकर जिला प्रशासन की तरफ से तैयारी शुरू कर दी गई है।इसी को लेकर शनिवार को संथाल के कमिश्नर संजय कुमार ने अपने नेतृत्व में देवघर जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ एक बैठक की। बैठक के बाद उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि श्रावणी मेला में अभी तीन से चार महीना का समय है। लेकिन पहले से जिला प्रशासन तैयारी में जुट गई है ताकि श्रावणी मेला के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को आसानी से नियंत्रित किया जा सके।
बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस बार के मेले में श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की दिक्कत ना हो इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है।कमिश्नर ने बताया कि वर्ष 2026 के श्रावणी मेले में श्रद्धालुओं के लाइन को कैसे आरामदायक और सुलभ बनाया जाए इस पर विचार किया गया। वहीं बैठक में मौजूद देवघर के डीसी नमन प्रियेश लकड़ा ने कहा कि इस बार श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एआई का भरपूर उपयोग किया जाएगा। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से लाखों की संख्या में आने वाले श्रद्धालु का फेस डिटेक्शन के साथ-साथ हेड काउंट भी किया जाएगा। जिससे श्रद्धालुओं की उचित गिनती और उनका लोकेशन ट्रेस किया जा सके।

उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान अत्यधिक भीड़ की वजह से कई बार श्रद्धालु अपने परिवार से भटक जाते हैं। ऐसे में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से श्रद्धालुओं की गणना और पहचान रखी जाएगी। बैठक में श्रावणी मेले को लेकर बनाए जाने वाले कंट्रोल रूम, खोया पाया केंद्र के साथ-साथ अन्य सभी व्यवस्थाओं को बेहतर बना कर रखने का दिशा निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिया गया। गौरतलब है कि 30 जून को संभवतः श्रावणी मेला की शुरूआत होगी, जिसको लेकर प्रशासन अभी से ही पूरी तरह से मुस्तैद है ताकि श्रावणी मेले के दौरान आने वाले विपरीत परिस्थिति में भी जिला प्रशासन आसानी से व्यवस्था को दुरुस्त रख सके। साथ ही साथ श्रद्धालु मंदिर में पहुंचकर कैसे सुलभ तरीके से पूजा करें इसका भी विशेष ख्याल रखा जाएगा। बैठक में उपायुक्त,पुलिस अधीक्षक सहित तमाम जिला के पदाधिकारी मौजूद रहे।




