रांची: दुर्गा पूजा का पर्व पूरे उत्साह और भक्ति के साथ मनाया जाता है। इस अवसर पर लोग परिवार और दोस्तों के साथ पूजा पंडालों में घूमने निकलते हैं। लेकिन इसी बीच घरों की सुरक्षा को लेकर लापरवाही करना खतरनाक साबित हो सकता है। प्रशासन विधि-व्यवस्था बनाए रखने में व्यस्त है, वहीं चोर इस मौके का फायदा उठाकर खाली घरों को निशाना बना सकते हैं। इसलिए घूमने के साथ-साथ घरों की सुरक्षा को लेकर सावधानी बरतनी भी अनिवार्य है। इसीलिए कहा जा रहा है।

सावधान: चोर हो सकते हैं ताक में, पूजा घूमते समय, घर का भी रखें सुरक्षा का ख्याल। अक्सर देखा गया है कि त्यौहारों के दौरान चोरी की घटनाएं बढ़ जाती हैं। चोर पहले से ताक में रहते हैं और जैसे ही मौका मिलता है, घटना को अंजाम दे डालते हैं। ऐसे में जरूरी है कि घर के लोग पूजा घूमने से पहले सुरक्षा के उपाय जरूर करें। दरवाजे और खिड़कियां अच्छी तरह बंद करें, बाहर निकलते समय आसपास के विश्वसनीय पड़ोसियों को सूचित करें और अगर संभव हो तो घर पर कोई सदस्य मौजूद रहे।
प्रशासन भी इस खतरे को भांपते हुए सजग है। पंडालों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा बढ़ाने के साथ-साथ टाइगर मोबाइल और मोटरसाइकिल गश्त के जरिए शहर के मोहल्लों और गलियों में भी निगरानी रखी जा रही है। पेट्रोलिंग टीम लगातार चौकसी कर रही है ताकि चोर किसी तरह की वारदात को अंजाम न दे सकें। फिर भी घर मालिकों की सतर्कता सबसे जरूरी है। पूजा का आनंद लें, लेकिन सुरक्षा से समझौता न करें। थोड़ी सी सावधानी आपको और आपके परिवार को त्योहार की खुशी को सुरक्षित कर सकती है।



