बिक्रमगंज(रोहतास) :मंगलवार को अनुमंडल मुख्यालय के थाना परिसर में रंगों के पर्व होली को लेकर बिक्रमगंज एसडीएम अनिल बसाक की अध्यक्षता में अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक संपन्न हुई । बैठक में रंगों का पर्व होली शांति और सद्भाव के साथ संपन्न कराने पर विचार विमर्श किया गया । बैठक में एसडीपीओ कुमार संजय,भूमि सुधार उपसमाहर्ता संतोष कुमार सिंह,नगर परिषद ईओ जमाल अख्तर समेत अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत सभी प्रखंडों के सभी विभागों के अधिकारी,जनप्रतिनिधि,गणमान्य लोग एवं प्रबुद्धजन शामिल हुए । बैठक के उपरांत पुलिस व प्रशासन के पदाधिकारी एवं उपस्थित जनों ने एक दूसरे को होली एवं रमजान की शुभकामनाएं व बधाई दी । एसडीएम श्री बसाक ने अपने संबोधन में शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में भाईचारे के साथ पर्व मनाने का अनुरोध किया । उन्होंने कहा कि होली के दौरान किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देना है । विधि व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होने पर इसकी सूचना तुरंत ही पुलिस व प्रशासन को दे,ताकि ससमय आवश्यक कार्रवाई की जा सके । पर्व के दौरान शांति व्यवस्था को लेकर दंडाधिकारी के साथ पुलिस बल की तैनाती की जायेगी ।

किसी भी हुडदंगियों एवं शांति भंग करने वाले असमाजिक तत्वों को बख्शा नहीं जायेगा । शराब या किसी भी प्रकार का नशा सेवन करने वालों, ट्रिपल सवार बाइकर्स,सोशल मीडिया पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी । एसडीपीओ कुमार संजय ने कहा कि पर्व दौरान पुलिस की ओर से चाक- चौबंद सुरक्षा व्यवस्था रहेगी । विधि व्यवस्था संधारण में आपसबों से अपेक्षित सहयोग की जरूरत है । उन्होंने होलिका दहन के समय सतर्कता बरतने तथा पानी की पर्याप्त इंतजाम रखने का अनुरोध किया । दमकल वाहन को भी एक्टिव रखा जायेगा । ताकि जानमाल का कोई नुकसान नहीं हो । होली,रामनवमी एवं रमजान को लेकर उन्होंने कहा कि रमजान का भी महीना चल रहा है । लिहाजा एहतियातन सभी मस्जीदों एवं चिन्हित स्थलों पर पुलिस की तैनाती की जायेगी । मौके पर अनुमंडल स्तरीय सभी विभागों के अधिकारी,जनप्रतिनिधि,प्रबुद्धजन लोग मौजूद रहे ।




