Saraikela (संजीव मेहता) : लोहरदगा जिला के कुड़ु प्रखंड में ग्रामीण विकास विभाग एवं पंचायती राज विभाग, झारखंड की मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह की अध्यक्षता में झारखंड राज्य जलछाजन मिशन द्वारा राज्य स्तरीय वाटरशेड महोत्सव का आयोजन किया गया. इस अवसर पर भारत सरकार के वाटरशेड-जन भागीदारी अभियान के तहत चलाए जा रहे राष्ट्र स्तरीय कार्यक्रम में सरायकेला-खरसावाँ जिले के सरायकेला एवं राजनगर प्रखंड में क्रियान्वित जलछाजन परियोजनाओं को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रत्येक प्रखंड को ₹20-20 लाख की राशि से पुरस्कृत किया गया.

पुरस्कार ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह के द्वारा प्रदान किया गया. पुरस्कार ग्रहण कार्यक्रम में जिले की उप विकास आयुक्त के मार्गदर्शन में जिला कृषि पदाधिकारी, जलछाजन पदाधिकारी, कर्मी और जलछाजन समितियों के सदस्य शामिल हुए. कुल लगभग 100 प्रतिभागियों ने इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया. इस अवसर पर जिले द्वारा एक स्टॉल प्रदर्शन भी आयोजित किया गया, जिसमें जिले में क्रियान्वित जलछाजन परियोजनाओं का विवरण प्रस्तुत किया गया. बता दें कि झारखंड राज्य जलछाजन मिशन, ग्रामीण विकास विभाग द्वारा प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना 2.0 के अंतर्गत सरायकेला-खरसावाँ जिले के सरायकेला एवं राजनगर प्रखंड में जलछाजन परियोजनाएँ क्रियान्वित की जा रही हैं.
* इसमें शामिल गतिविधियाँ हैं— स्टेगरड कंटूर ट्रेंच, वाटर एब्जॉरबेशन ट्रेंच, ट्रेंच कम बंड, मेढ़बंदी एवं तालाब निर्माण, लुज बोल्डर चेक डेम एवं मिट्टी के चेक डेम, पौधारोपण, कृषि एवं बागवानी फसल उत्पादन.
* इस परियोजना के माध्यम से जल संरक्षण, सिंचाई सुविधा, कृषि उत्पादन में वृद्धि और ग्रामीण जीवन स्तर में सुधार सुनिश्चित किया जा रहा है.






