सारायकेला:(संजीव मेहता):आदित्यपुर स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (एसिया) का प्रतिनिधि मंडल अध्यक्ष इंदर अग्रवाल के नेतृत्व में जियाडा की प्रबंध निदेशक प्रेरणा दीक्षित से रांची में मिले. इस मुलाकात में आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर उनसे चर्चा की. जिसमें मुख्य रुप से आदित्यपुर क्षेत्र के उद्यमियों पर नगर निगम द्वारा जबरन थोपी जा रही होल्डिंग टैक्स की बातें शामिल थी. इस दौरान उन्हें बताया कि उद्योगों को नगर निगम से कोई सुविधाएं नहीं मिलती है साथ ही औद्योगिक क्षेत्र निगम क्षेत्र से बाहर है. यहां के उद्यमी सभी तरह के टैक्स जियाडा को देती आ रही है ऐसे में दोहरा टैक्स उद्यमियों पर थोपना उचित नहीं है.

इसके साथ ही एसिया प्रतिनिधियों ने उन्हें बताया कि उद्योग विभाग द्वारा जियाडा रेगुलेशन में व्यापक सुधार किए जा रहे हैं, इसी सिलसिले में जियाडा ने एसिया से भी नए नियमों पर सुझाव मांगे हैं. एसिया की टीम ने बीते 15-20 दिनों में गहन विचार-विमर्श कर इन नियमों का अध्ययन किया और उद्योग हित को ध्यान में रखते हुए अपने सुझाव तैयार किए हैं. नए रेगुलेशन के ड्राफ्ट में कुछ ऐसे नियम शामिल थे जो भविष्य में उद्योगों के लिए प्रतिकूल हो सकते थे. एसिया की टीम ने उन नियमों का विस्तार से अध्ययन कर आवश्यक संशोधन किए हैं. उद्यमियों ने संशोधित प्रति प्रबंध निदेशक प्रेरणा दीक्षित को सौंप दिया है. प्रबंध निदेशक प्रेरणा दीक्षित ने एसिया द्वारा दिए गए सुझावों का गंभीरता से अध्ययन किया और अधिकांश बिंदुओं पर अपनी सहमति व्यक्त की. इस दौरान एसिया ने पड़ोसी राज्यों (पश्चिम बंगाल, ओडिशा और बिहार) के औद्योगिक नियमों का तुलनात्मक अध्ययन भी प्रस्तुत किया, जिससे झारखंड में उद्योगों के लिए अधिक अनुकूल नीतियाँ बनाई जा सकें. लगभग दो घंटे तक विचार-विमर्श चला जिसमें जियाडा प्रबंध निदेशक ने एसिया की चिंताओं को विस्तार से सुना और आश्वस्त किया कि इन सुझावों को नए रेगुलेशन में प्रमुखता से शामिल किया जाएगा.
एसिया के उद्यमियों ने उन्हें बताया कि माननीय उच्च न्यायालय ने होल्डिंग टैक्स पर औद्योगिक क्षेत्र के विरुद्ध निर्णय दिया है, जबकि वास्तविकता यह है कि उच्च न्यायालय ने इस मामले में कोई स्पष्ट निर्णय नहीं दिया है. एसिया ने इस संदर्भ में प्रबंध निदेशक को पूरी जानकारी देते हुए औद्योगिक क्षेत्र को राहत दिलाने की मांग की है. एसिया के अध्यक्ष इंदर कुमार अग्रवाल ने कहा कि उद्योगों की समस्याओं के समाधान और उनके हितों की रक्षा के लिए एसोसिएशन लगातार प्रयासरत है. उन्होंने जियाडा प्रबंध निदेशक को उद्यमियों की चिंताओं को सुनने और आवश्यक कदम उठाने के लिए धन्यवाद दिया.



