सरायकेला : झारखंड के सरायकेला-खरसवां जिले के नीमडीह थाना अंतर्गत झीमड़ी गांव में एक युवती के कथित जबरदस्ती मजहब परिवर्तन और शादी को लेकर दो समुदायों में तनाव उत्पन्न हो गया है। हालात की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन झीमड़ी और आसपास के क्षेत्रों में धारा 144 लागू कर दी है।

रविवार को भाजपा के सांसद बिद्युत वरण महतो ‘एकता मंच’ के तत्वावधान में मुरुगडीह पहुंचे और इस विषय पर एक अहम सभा आयोजित की। सांसद ने नीमडीह पुलिस प्रभारी पर आरोप लगाया कि रात के समय महिला को पुलिस ने उसके घर से उठाकर मारपीट की और जेल भेज दिया। उन्होंने पूछा कि यह किस नियम के तहत किया गया और प्रशासन से निष्पक्षता की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन पारदर्शिता नहीं दिखाता, तो भारतीय जनता पार्टी उग्र आंदोलन करेगी और कोल्हान क्षेत्र से जनसमर्थन नीमडीह में पहुंचेगा। पूर्व विधायक साधु चरण महतो की पत्नी सारथी महतो ने भी इस विवाह और मजहबी परिवर्तन को अनुचित बताया। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस हिंदू समुदाय के साथ अन्याय कर रही है, जिससे स्थानीय नाराजगी बढ़ रही है। इस कारण झीमड़ी गांव में पहले जैसी शांति नहीं रही। इस सभा में कई पार्टी पदाधिकारी और स्थानीय लोग शामिल हुए।




