कटिहार : सोमवार की रात बिहार के कटिहार जिले में एक भीषण हादसा हुआ जिसमें ट्रैक्टर और बारातियों से भरी स्कॉर्पियो की टक्कर में आठ लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। यह दुर्घटना पोठिया थाना क्षेत्र के समेली इलाके में घटी। स्कॉर्पियो में कुल दस लोग सवार थे, जिनमें से दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को पहले समेली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ से उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।

कटिहार के पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने इस घटना की पुष्टि की है। हादसे के तुरंत बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुँची और सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने आठ लोगों को मृत घोषित किया। घायलों का इलाज जारी है।पुलिस विभाग मृतकों की शिनाख्त में जुटा हुआ है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी मृतक सुपौल जिले के निवासी थे। शवों को परीक्षण हेतु भेजा गया है और मामले की तह तक पहुँचने के लिए छानबीन की जा रही है। इस दुखद दुर्घटना ने पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल पैदा कर दिया है।




