जमशेदपुर: सहायक आयुक्त उत्पाद के निर्देशानुसार एमजीएम थाना क्षेत्रांतर्गत छोटाबाँकी ग्राम से सटे जंगली इलाके और छोटाबाँकी डैम के दुर्गम तट पर संचालित अवैध महुआ चुलाई शराब भट्ठियों पर छापेमारी की गई। इस अभियान के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने अवैध रूप से संचालित महुआ चुलाई शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शराब की भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया। घटनास्थल से लगभग 90 लीटर अवैध महुआ चुलाई शराब जब्त की गई। इसके साथ ही महुआ शराब बनाने के लिए उपयोग किया जाने वाला लगभग 12,000 किलोग्राम किण्वित जावा-महुआ भी मौके पर ही विनष्ट कर दिया गया। इस अवैध गतिविधि के संचालन से जुड़े लोगों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया है।

उत्पाद विभाग की टीम ने इस छापेमारी अभियान में बड़ी मात्रा में अवैध शराब निर्माण को रोकने और संबंधित सामग्री को नष्ट करने में सफलता प्राप्त की है। इस प्रकार की कार्रवाई से अवैध शराब कारोबार करने वाले माफियाओं में दहशत बना हुआ है। सहायक उत्पाद आयुक्त श्रीमती विमला लकड़ा ने कहा ,इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।




