आरआईटी मोड़ चापड़ कांड, मुख्य आरोपी गिरफ्तार, 15 हजार रुपए के लेनदेन विवाद में चलाया था चापड़
सरायकेला: सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर पुलिस ने आरआईटी मोड़ के पास रोहित हेम्ब्रम नाम के युवक पर पिछले दिनों चापड़ से हुए जानलेवा हमले के के मुख्य आरोपी विशू महतो को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. आरोपी जयकान का रहने वाला है और उसके पिता का नाम जयप्रकाश महतो है. पुलिस की पूछताछ के दौरान विशू महतो ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. पुलिस के अनुसार, यह घटना केवल ₹15,000 के बकाया पैसों को लेकर दोस्तों के बीच हुए आपसी विवाद का नतीजा था. विवाद बढ़ने पर आरोपी ने चापड़ से रोहित के सिर पर प्राणघातक वार कर दिया था. लहूलुहान अवस्था में पीड़ित को पहले एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से प्राथमिक इलाज के बाद उसे टीएमएच (TMH) में भर्ती कराया गया था.

मामले की गंभीरता को देखते हुए आदित्यपुर पुलिस ने कांड संख्या-197/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जाँच शुरू की थी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी गिरफ्तारी के डर से चाईबासा होते हुए चेन्नई फरार हो गया था. जब उसे लगा कि मामला शांत हो चुका है, तब वह काम के सिलसिले में वापस आदित्यपुर लौटा था. हालांकि, पुलिस उस पर लगातार नजर बनाए हुए थी और उसके लौटते ही उसे धर दबोचा. आज उसे पूछताछ के उपरांत जेल भेज दिया गया है. इस बात की जानकारी थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने दी.






