नवापारा-राजिम, छत्तीसगढ़: विगत दिनों नगर के राधा-कृष्ण मंदिर में एकल अभियान के शिल्पकार एवं संस्थापक सदस्य श्याम जी गुप्त ने मध्य छत्तीसगढ़ भाग-स्तरीय दो सत्रों में बैठक ली, जिसमें मध्य छत्तीसगढ़ के चार अंचल – बिलासपुर, राजनंदगांव, महासमुंद एवं नवापारा – के कुल 27 सेवाव्रती एवं 53 संच, अंचल, भाग, संभाग एवं प्रभाग स्तर के कुल 13 जिलों के पदाधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित थे। बैठक का शुभारंभ मां भारती की पूजा-अर्चना एवं हनुमान चालीसा पाठ से किया गया। बैठक में सर्वप्रथम श्याम जी ने कार्यकर्ताओं से वनवासी क्षेत्र में एकल अभियान के तहत पंचमुखी शिक्षा की गतिविधियों की समीक्षा की।
अभियान की सफलता के लिए सभी कार्यकर्ताओं से 6 महीने का प्रवास रखने का संकल्प लिया गया। साथ ही समिति सदस्यों से माह में दो दिन वनवासी क्षेत्र में प्रवास करने का आह्वान किया गया। उन्होंने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि “भारत की आत्मा वनवासी क्षेत्र में बसी है, इसलिए हमें वनांचल में रहने वाले भाई-बहनों की शिक्षा-दीक्षा पर विशेष ध्यान रखना चाहिए। यदि ये वनवासी शिक्षित हो गए तो हमारा देश हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर हो जाएगा। विधर्मियों द्वारा इस क्षेत्र में धन एवं अन्य साधनों से सनातन को समाप्त करने के जो प्रयास किए जा रहे हैं, उनसे सावधान रहना है।” मंदिरों में देवी-देवताओं की पूजा करने के साथ-साथ इन वनवासी भाई एवं बहनों के विकास के लिए नगर के सभी संपन्न लोगों को तन-मन-धन से सहयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान भारत में राजनीतिक स्थिरता के कारण सभी क्षेत्रों में जो विकास हो रहा है, उससे विदेशी शक्तियों को पीड़ा हो रही है। वे भारत में गृहयुद्ध हो, इसके लिए अनेक षड्यंत्र रच रहे हैं।

परिणामस्वरूप कुछ अपने ही लोग उनके बहकावे में आकर भारत को अस्थिर करने का प्रयास कर रहे हैं, जिनके विरुद्ध हमें वैचारिक युद्ध के साथ-साथ सशस्त्र युद्ध के लिए भी तैयार रहना है। गुप्त जी ने उपस्थित सभी लोगों से गांवों एवं शहरों में हनुमान परिवार बनाने का आह्वान किया और कहा कि इस हनुमान परिवार को हर क्षेत्र में इतना सशक्त और संगठित करें कि विदेशी ताकतें भारत की ओर आंख उठाकर देखने का साहस न कर सकें। उन्होंने सभी वनवासी भाइयों को स्वावलंबी बनाने के लिए विशेष अभियान चलाने के उपाय बताए और कहा कि स्वावलंबी व्यक्ति ही स्वाभिमानी बनता है, और स्वाभिमानी व्यक्ति बनने से हमारी भारत माता सुरक्षित रहेगी। हरि कथा के व्यास कथाकारों के लिए नवापारा के संत निवास में प्रशिक्षण केंद्र खोलने का निर्णय लिया गया, जिसका संपूर्ण खर्च का वहन भागाध्यक्ष गिरधारी अग्रवाल ने समाज के सहयोग से पूरा करने का वचन दिया।
इस एक दिवसीय समीक्षा बैठक में प्रमुख रूप से गोपाल यादव, प्रांत सह-कार्यवाह, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ; प्राची गर्ग, प्रभाग अध्यक्ष, एकल अभियान; संभाग अध्यक्ष महेंद्रकांत संघानी; संभाग सचिव राजीव नंदे; केंद्रीय गतिविधि प्रशिक्षण प्रमुख प्रदीप सवाई; उड़ीसा प्राथमिक शिक्षा केंद्रीय सदस्य सुश्री इति मिश्रा; छत्तीसगढ़ मध्य भाग अध्यक्ष गिरधारी अग्रवाल; बिलासपुर अंचल अध्यक्ष पवन खत्री; राजनांदगांव उपाध्यक्ष मनोज गुप्ता; महासमुंद अध्यक्ष धर्मेंद्र डडसेना; नवापारा सचिव वीरेंद्र साहू; भाग सचिव प्रफुल्ल दुबे; सहसचिव रूपेंद्र चंद्राकर; सदस्य योगिता सिन्हा, सुनंदा जैन, सरोज कंसारी; भाग गतिविधि प्रमुख रविशंकर साहू, रेखा बंजारी, ललित पांडे, लखन साहू; डॉ. टीकम वर्मा; संरक्षक सदस्य सनत चौधरी; ग्राम विकास प्रभारी भूपेंद्र सोनी एवं भाग प्रमुख करण सिंह मरावी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन भाग सचिव प्रफुल्ल दुबे एवं आभार प्रदर्शन भाग अध्यक्ष गिरधारी अग्रवाल ने किया।






