चंडीगढ़ ( मंतोष कुमार ): चंडीगढ़ से बड़ी खबर: हरियाणा पुलिस के एडीजीपी (अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक) पूरन कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। जानकारी के अनुसार, उन्होंने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। यह घटना मंगलवार सुबह चंडीगढ़ स्थित उनके सरकारी आवास में हुई। गोली चलने की आवाज सुनते ही परिवार और सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक एडीजीपी पूरन कुमार गंभीर रूप से घायल हो चुके थे।

उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूत्रों के अनुसार, एडीजीपी ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मारी। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने घटनास्थल से रिवॉल्वर और अन्य सबूत जब्त कर लिए हैं। मामले की जांच चंडीगढ़ पुलिस द्वारा की जा रही है। पूरन कुमार हरियाणा पुलिस के वरिष्ठ और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी माने जाते थे। उन्होंने अपने कार्यकाल में कई अहम पदों पर काम किया था और विभाग में उनकी छवि एक ईमानदार अधिकारी की रही है। उनकी अचानक मौत से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है। सहकर्मियों और अधिकारियों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।वहीं, प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि एडीजीपी के आत्महत्या के पीछे व्यक्तिगत या मानसिक तनाव की वजह हो सकती है, हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस विभाग ने कहा है कि आत्महत्या के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही किया जाएगा। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले की जांच जारी है।




