दिल्ली : दिल्ली की राजनीति में नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। रेखा गुप्ता आज दिल्ली की 7वीं मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करेंगी। वह राज्य की चौथी महिला मुख्यमंत्री होंगी। दोपहर 12:35 बजे रामलीला मैदान में भव्य समारोह आयोजित होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री, भाजपा और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री मौजूद रहेंगे। इसके अलावा, उद्योगपति, फिल्मी हस्तियां, क्रिकेटर, साधु-संत और राजनयिक भी इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में शामिल होंगे।

बुधवार को भाजपा विधायक दल की बैठक में उन्हें मुख्यमंत्री चुना गया। बैठक से पहले ही यह खबर सामने आ गई थी कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने उनके नाम की सिफारिश की थी, जिसे भाजपा नेतृत्व ने स्वीकार कर लिया। सतीश उपाध्याय और विजेंद्र गुप्ता ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से मंजूरी मिली। शपथ ग्रहण समारोह में करीब 12 से 16 हजार आम नागरिकों को भी आमंत्रित किया गया है। 50 वर्षीय रेखा गुप्ता हरियाणा के जींद जिले से ताल्लुक रखती हैं। वह कॉलेज के दिनों से ही आरएसएस से जुड़ी रही हैं। शालीमार बाग सीट से पहली बार विधायक चुनी गईं रेखा दिल्ली भाजपा की महासचिव और भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रह चुकी हैं। उनके परिवार की जड़ें जींद के नंदगढ़ गांव में हैं। उनके दादा मनीराम आढ़ती थे, जबकि पिता बैंक में कार्यरत थे। उनके मुख्यमंत्री बनने को भाजपा की महिला वोटबैंक साधने की रणनीति के रूप में भी देखा जा रहा है।




