Saraikela (संजीव मेहता) : री-नीट 2026 के घोषित परिणाम ने जमशेदपुर को बड़ी खुशखबरी दी है. शहर के तीन मेधावी विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे कोल्हान में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है. अफरा इमाम ने कोल्हान टॉप कर पहला स्थान हासिल किया, जबकि मो. फरहान अहमद दूसरे और शांभवी तिवारी तीसरे स्थान पर रहीं. इस उपलब्धि से शिक्षा जगत के साथ-साथ पूरे शहर में खुशी का माहौल है.
अफरा इमाम ने ऑल इंडिया रैंक (AIR) 1495 और जनरल कैटेगरी रैंक 827 प्राप्त कर कोल्हान की टॉपर बनने का गौरव हासिल किया. उनकी सफलता ने जमशेदपुर का नाम पूरे क्षेत्र में ऊंचा कर दिया. धतकीडीह निवासी मो. फरहान अहमद ने ऑल इंडिया रैंक 1941 और जनरल कैटेगरी रैंक 1142 के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया. वह बिष्टुपुर स्थित सेंट मेरीज इंग्लिश हाईस्कूल के छात्र हैं. फरहान ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों, दोस्तों और कोचिंग संस्थान को दिया.

आदित्यपुर की शांभवी तिवारी ने ऑल इंडिया रैंक 2804 और जनरल कैटेगरी रैंक 1411 के साथ कोल्हान में तीसरा स्थान हासिल किया. इससे पहले वह आईएससी परीक्षा में नेशनल टॉपर भी रह चुकी हैं. उन्होंने बताया कि अब उनका पूरा ध्यान मेडिकल की पढ़ाई और एमबीबीएस में प्रवेश पर रहेगा. विशेषज्ञों का मानना है कि तीनों विद्यार्थियों की रैंक को देखते हुए देश के प्रतिष्ठित एम्स संस्थानों में दाखिला मिलने की संभावना काफी मजबूत है. री-नीट 2026 का यह परिणाम जमशेदपुर के लिए गर्व का विषय बन गया है और शहर के शैक्षणिक स्तर को नई पहचान दिला रहा है.






