रांची : झारखंड के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कैबिनेट विभाग की अपर मुख्य सचिव को पत्र लिखकर प्रशासनिक अधिकारियों के रवैये पर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि उन्हें लगातार ऐसी शिकायतें मिल रही हैं जिनमें बताया गया है कि मंत्रिमंडल सचिवालय और निगरानी विभाग की ओर से पूर्व में जारी निर्देशों का पालन ठीक ढंग से नहीं हो रहा है।

कुछ अधिकारी जनप्रतिनिधियों के प्रति अपेक्षित सम्मान नहीं दिखाते, जबकि कई अधिकारी सरकारी आदेशों की अनदेखी कर रहे हैं। मंत्री ने स्पष्ट किया कि जनतांत्रिक व्यवस्था में विधायिका और प्रशासन के बीच समन्वय अत्यंत आवश्यक है। यदि संवाद और सम्मान की भावना कमजोर होती है तो शासन व्यवस्था पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार द्वारा शिष्टाचार तथा आचरण से जुड़े जारी दिशा-निर्देशों को सख्ती से लागू कराने की मांग की। पत्र में उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती तभी संभव है जब सभी पदाधिकारी संवैधानिक मर्यादा का पालन करें। अन्यथा जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक तंत्र के बीच अविश्वास बढ़ सकता है, जो शासन और लोकतंत्र दोनों के लिए नुकसानदायक सिद्ध होगा।






