Saraikela (संजीव मेहता) : राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर के विद्युत अभियंत्रण (Electrical Engineering) विभाग की छात्राओं ने प्रतिष्ठित Amazon Hackathon में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर संस्थान का गौरव बढ़ाया है. यह हैकाथॉन अमेज़न के Acquila Office, बेंगलुरु में आयोजित किया गया था.
HACKPINK टीम में स्वेक्षा मिश्रा (Sweksha Misra), शालिनी सिंह (Shalini Singh) एवं अपूर्वा जैन (Apoorva Jain) शामिल थीं, जिसने देशभर के आईआईटी, एनआईटी तथा अन्य प्रमुख निजी इंजीनियरिंग संस्थानों से आए 70,000 से अधिक प्रतिभागियों के बीच उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया है. प्रतियोगिता के दौरान टीम ने अपनी तकनीकी दक्षता, नवाचार, समस्या-समाधान क्षमता एवं टीमवर्क का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया.

इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए टीम को ₹1,00,000 (एक लाख रुपये) की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया है. एनआईटी जमशेदपुर के निदेशक प्रो. गौतम सुत्रधार ने विजेता छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि संस्थान की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नवाचार एवं अनुसंधान आधारित वातावरण का प्रमाण है. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता अन्य छात्रों को भी नवाचार एवं तकनीकी उत्कृष्टता के लिए प्रेरित करेगी. संस्थान परिवार ने विजेता छात्राओं को उनकी इस शानदार उपलब्धि पर हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.






