Saraikela (संजीव मेहता) : आरआईटी थाना क्षेत्र के आसंगी गाँव स्थित वास्तु विहार कैम्पस के गेट से गुजरने के लिए दो व्यक्तियों द्वारा बिल्डिंग मेटेरियल के ठेकेदार रंजीत राय से रंगदारी मांगने और मोबाइल छिनने के साथ जान मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए आरआईटी थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है. दिए गए लिखित शिकायत में रंजीत राय ने कहा है कि वह आसंगी वास्तु विहार में ही रहता है और कैंपस में होने वाले बिल्डिंग निर्माण कार्य आदि में मेटेरियल आपूर्ति के साथ अन्य कार्य करता है.

इसी दौरान 13 जुलाई 2026 को जब वह सेंट्रिंग का मेटेरियल लेकर टेम्पो से जा रहा था तो धीराजगंज जमालपुर निवासी सत्य सागर गोप और माधव प्रधान ने रास्ता रोकते हुए कहा कि इस गेट के रास्ते मेटेरियल ले जाने नहीं देंगे, अगर ले जाना है तो हमें रंगदारी देनी होगी. इस पर जब मैं अपने मोबाइल से वीडियो बनाने लगा तो मेरा मोबाइल छीन लिया और जान से मारने की धमकी दी है. इस लिखित शिकायत के बाद आरआईटी पुलिस आरोपी युवकों की तलाश कर रही है. शिकायत की कॉपी एसडीपीओ और एसपी कार्यालय में भी दी गई है.






