जमशेदपुर : बिरसानगर थाना क्षेत्र के निवासी राजू महतो ने वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को लिखित शिकायत सौंपकर बिरसानगर थाना कांड संख्या 42/2026 के नामजद आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। शिकायतकर्ता के अनुसार, 16 जून 2026 को उनकी पत्नी गुंजा महतो के साथ राहुल लोहार एवं अन्य लोगों द्वारा कथित रूप से मारपीट, छिनतई तथा सोने की कानबाली छीनने की घटना को अंजाम दिया गया।
इस संबंध में बिरसानगर थाना में प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने का आरोप लगाया गया है। राजू महतो ने अपने आवेदन में कहा है कि नामजद आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और लगातार समझौते का दबाव बना रहे हैं। उनका आरोप है कि समझौता नहीं करने पर उन्हें, उनकी पत्नी और बच्चों को जान से मारने की धमकी दी जा रही है, जिससे पूरा परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन बिताने को मजबूर है।

इससे पूर्व पीड़िता गुंजा महतो ने भी एसएसपी को लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया था कि घटना के दौरान उनके साथ मारपीट की गई, उनके कपड़े फाड़े गए तथा सोने की कानबाली छीन ली गई। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन एवं पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए नामजद आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो किसी भी अप्रिय घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।





