दिल्ली ( प्रतीक सिंह ) : सोमवार को सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश बीआर गवई ने पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति शासन लागू करने संबंधी याचिका की सुनवाई के दौरान कहा कि क्या आप चाहते हैं कि हम राष्ट्रपति को आदेश दें? उन्होंने यह टिप्पणी अधिवक्ता विष्णु शंकर जैन की उस अर्जी पर की जिसमें वक्फ कानून में संशोधन के कारण हुई हिंसा के परिप्रेक्ष्य में आपातकाल लागू करने की मांग की गई है।

न्यायमूर्ति गवई ने यह भी जोड़ा कि वैसे भी न्यायपालिका पर कार्यपालिका के कार्यों में हस्तक्षेप के आरोप लगाए जा रहे हैं। याचिकाकर्ता ने यह भी आग्रह किया कि हिंसा की गंभीरता को देखते हुए अर्धसैनिक बलों की तैनाती आवश्यक है। इस याचिका पर मंगलवार को सुनवाई तय है। गौरतलब है कि गवई अगले माह भारत के मुख्य न्यायाधीश बनने वाले हैं। इस बीच केंद्र और न्यायपालिका के बीच कई मुद्दों पर तनाव है, विशेषकर तमिलनाडु में विधेयकों को रोके जाने पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिए गए निर्देशों को लेकर विवाद गहराया है। इस फैसले के बाद कई भाजपा नेताओं ने न्यायपालिका की आलोचना करते हुए उसकी सीमाएं तय करने की बात कही है।




