रामगढ़ : रामगढ़ जिले में रजरप्पा थाना क्षेत्र के चितरपुर स्थित शिवशंकर ज्वेलर्स में मंगलवार को दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात सामने आई। जानकारी के अनुसार, पांच की संख्या में हथियारबंद बदमाशों ने दुकान पर धावा बोल दिया और दुकानदार को हथियार के बल पर बंधक बनाकर लाखों रुपये के जेवरात लूट लिए। हालांकि इलाजरत लुटेरों ने पुलिस को बताया है कि एक बैग में सोने चांदी के जेवरात लेकर उनके साथ ही भेज हैं लेकिन लूट की रकम या सोने चांदी के कितने जेवरात की लूट हुई है उसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

घटना के दौरान दुकानदार और स्थानीय लोगों की सतर्कता से हालात बदल गए। पुलिस की सक्रियता के बीच दो लुटेरों को मौके पर पकड़ लिया गया। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही आक्रोशित भीड़ ने दोनों आरोपियों की जमकर पिटाई कर दी, जिससे एक आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, तीन अन्य बदमाश मौके से फरार होने में सफल रहे।
सूचना मिलते ही रजरप्पा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। मौके से एक पिस्तौल भी बरामद की गई है। पुलिस ने घायल दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर रामगढ़ सदर अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनका इलाज जारी है।
सदर अस्पताल के चिकित्सक उदय श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों घायलों के सिर पर गंभीर चोटें हैं और शरीर पर मारपीट के कई निशान हैं। फिलहाल दोनों खतरे से बाहर हैं और होश में हैं। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर हजारों की भीड़ जुट गई। पुलिस घायलों से पूछताछ कर रही है और फरार तीन लुटेरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चला रही है। पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।




