रामगढ : रामगढ़ पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक साजिश को नाकाम करते हुए राहुल दुबे गैंग के दो सदस्यों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई पतरातु थाना क्षेत्र के हेसला गांव में की गई। पुलिस अधीक्षक अजय कुमार को 13 अप्रैल की रात गुप्त सूचना मिली थी कि गैंग के सदस्य किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं।
सूचना के आधार पर सहायक पुलिस अधीक्षक गौरव गोस्वामी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन कर एंटी-क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान हेसला स्थित टाइप-2 काली मंदिर मैदान के पास एक बाइक (जेएच 02एबी 5319) पर सवार दो युवकों को रोका गया। तलाशी के दौरान उनके पास से अवैध हथियार बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करण करमाली (19 वर्ष) और शिवम मिश्रा उर्फ नंदू (23 वर्ष) के रूप में हुई है।

तलाशी में करण करमाली के पास से 7.65 एमएम का देशी पिस्टल और 3 जिंदा कारतूस मिले, जबकि बाइक से 9 एमएम की देशी कारबाइन और 2 जिंदा गोलियां बरामद की गईं। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कबूल किया कि वे राहुल दुबे गैंग के लिए काम करते हैं और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। साथ ही उन्होंने 4 अप्रैल को पतरातु स्थित ओसम डेयरी प्लांट में हुई फायरिंग की घटना में अपनी संलिप्तता भी स्वीकार की। पुलिस ने इस मामले में पतरातु थाना कांड संख्या 91/26 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।




