जमशेदपुर : प्रशासन की तमाम कोशिशों के बावजूद शहर में हत्या की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। लगता है शहर को किसी की नज़र लग गई है। बुधवार को मानगो थाना क्षेत्र के गुरुद्वारा रोड स्थित इलाके में प्रेम प्रसंग को लेकर हुई खूनी वारदात ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। दिनदहाड़े एक युवक पर गोली और धारदार हथियार से हमला कर उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान राहुल के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राहुल और शब्बे नामक युवक के बीच एक युवती से बातचीत को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि दोनों एक ही युवती के संपर्क में थे, जिससे दोनों के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा था। इसी रंजिश ने बुधवार को हिंसक रूप ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार राहुल जैसे ही गुरुद्वारा रोड पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे शब्बे ने अपने 10 से 15 साथियों के साथ उसे घेर लिया। इसके बाद आरोपियों ने धारदार हथियारों से राहुल पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले के दौरान उसे गोली भी मार दी गई। अचानक हुई इस वारदात से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल राहुल को तत्काल इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और अस्पताल में भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस घटनास्थल और अस्पताल पहुंची तथा मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी जारी है। इस सनसनीखेज हत्या ने मानगो क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन के लाख कोशिशो के बावजूद थम नहीं रही हत्या की घटनाये, किसकी लगी शहर को नज़र?





