रांची : झारखंड के गोड्डा जिले में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद नजर आ रहे हैं। बुधवार शाम शहर के बीच बाजार स्थित एक ज्वेलर्स दुकान को बाइक सवार हथियारबंद लुटेरों ने निशाना बनाया। नकाबपोश बदमाश हथियार के बल पर दुकान में घुसे और करीब छह लाख रुपये नकद के साथ लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लूटकर फरार हो गए।
वारदात के दौरान अपराधियों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से दुकान के अंदर कई राउंड फायरिंग की, जबकि बाहर निकलने के बाद भी हवा में गोलियां चलाते हुए पीरपैंती मार्ग की ओर भाग निकले। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीन बाइक सवार बदमाश बारिश के बीच दुकान पहुंचे और कुछ ही मिनटों में पूरी घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि दुकान के अंदर तीन गोलियां चलाई गईं।

जबकि बाहर बाजार में चार से पांच राउंड हवाई फायरिंग की गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। आसपास के जिलों को भी अलर्ट कर दिया गया है। पुलिस दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, जिसमें अपराधियों की गतिविधियां कैद हुई हैं। पुलिस का दावा है कि फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।






