जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा प्रखंड में बुधवार को मलेरिया विशेष जांच एवं जागरूकता अभियान के तहत व्यापक फील्ड विजिट पटमदा अंचल अधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ राजेंद्र प्रसाद एवं अन्य स्वास्थ्य विभाग के द्वारा जांच अभियान चलाया गया। पीओसीडी रूपाली कुमारी ने विभिन्न गांवों में आयोजित मलेरिया जांच शिविरों का निरीक्षण कर अभियान की प्रगति का जायजा लिया।
फील्ड भ्रमण के दौरान गोबरघुसी पंचायत के ग्राम शारी में 35 लोगों की आरडीटी जांच की गई, जिसमें दो मरीज मलेरिया पॉजिटिव पाए गए। इसके बाद सबल टोला, तुदरीकोचा में आयोजित शिविर में 14 लोगों की जांच हुई, जहां एक मरीज संक्रमित मिला। वहीं जेकरा गांव में 30 लोगों की जांच के दौरान चार मरीजों में मलेरिया की पुष्टि हुई। पूरे अभियान में कुल 79 लोगों की जांच की गई, जिनमें सात मरीज मलेरिया पॉजिटिव पाए गए। इनमें छह मरीज प्लाज्मोडियम विवैक्स (PV) तथा एक मरीज प्लाज्मोडियम फैल्सीपेरम (PF) से संक्रमित मिला।

सभी संक्रमित मरीजों को मौके पर ही नियमानुसार दवा उपलब्ध कराकर उपचार शुरू कराया गया। अभियान के दौरान एमपीडब्ल्यू उत्तमजीत, काजल, सचिन, सीएचओ परमिला, सहिया उषा रानी सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रिय रही। स्वास्थ्य कर्मियों ने ग्रामीणों को मलेरिया के लक्षण, बचाव और समय पर जांच के महत्व के बारे में जागरूक किया। लोगों से मच्छरदानी का नियमित उपयोग करने, घर एवं आसपास साफ-सफाई रखने, जलजमाव रोकने तथा बुखार होने पर तुरंत मलेरिया जांच कराने की अपील की गई।
फील्ड भ्रमण के बाद पीओसीडी रूपाली कुमारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पटमदा का भी निरीक्षण किया। यहां एमटीएस रविंद्र के साथ मलेरिया कार्यक्रम की प्रगति, संक्रमित मरीजों के उपचार तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों ने कहा कि समय पर जांच, त्वरित उपचार और जन-जागरूकता के माध्यम से मलेरिया नियंत्रण अभियान को और प्रभावी बनाया जा रहा है।






