Saraikela (संजीव मेहता) : जिले के किसी कोने में अगर अवैध बालू खनन, जुआ लॉटरी और ब्राउन शुगर के व्यापार होने की शिकायत मिली तो संबंधित थाना के प्रभारी को बिना किसी शो कॉज के दोषी मानते हुए उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई होगी. उक्त बातें गुरुवार को सरायकेला के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनोज स्वर्गयारी ने the राष्ट्रीय न्यूज़ से अपनी खास बातचीत में कही. उन्होंने कहा कि जिले में किसी तरह का अवैध कारोबार या भ्रष्टाचार बर्दास्त नहीं की जाएगी. चूंकि हमारी प्राथमिकता जिलेवासियों को शांतिपूर्ण वातावरण और अपराधमुक्त जिला बनाना है.
एसपी ने कहा कि पूर्व के अधिकारी भी बेहतर काम करके गए हैं लेकिन हमारी प्राथमिकता और भी बेहतर वातावरण बनाना है, जिसमें सभी कनीय पदाधिकारियों की सहभागिता अनिवार्य होगी. उन्होंने आदित्यपुर क्षेत्र पर विशेष ध्यान देने की बात कहते हुए कहा कि वे पूर्व के अधिकारियों की तरह सप्ताह में एक दिन (मंगलवार) को जियाडा स्थित शिविर कार्यालय में आम शहरियों से मिलेंगे और उनकी शिकायत सुनेंगे साथ ही त्वरित समाधान भी करेंगे. उन्होंने कहा कि पिछले दिनों आदित्यपुर में बालू खनन से संबंधित एक मामले उजागर हुए थे जिसपर उन्होंने कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश थाना प्रभारी को दिया है।

टाइगर मोबाइल जवानों के स्थानांतरण शीघ्र : एसपी – एसपी मनोज स्वर्गयारी ने बताया कि शहर की गलियों को अपराधमुक्त रखने के लिए टाइगर मोबाइल के जवान ही ज्यादा कारगर होते हैं. इस बात को ध्यान में रखकर उन्होंने हर थाने में इनकी संख्या में वृद्धि करेंगे साथ ही एक ही थाने में जमे टाइगर मोबाइल के जवानों का स्थानांतरण भी करेंगे. उन्होंने बताया कि उन्होंने इसकी सूची भी तैयार करवा ली है, एक दो दिन में आदेश निर्गत हो जाएगा.
नक्सल प्रभावित जिले की श्रेणी से बाहर आया सरायकेला : एसपी – the राष्ट्रीय न्यूज़ से खास बातचीत में एसपी मनोज स्वर्गयारी ने कहा कि सरायकेला खरसांवा जिला नक्सल प्रभावित जिले की श्रेणी से बाहर आ चुका है. यह अच्छी खबर है. इसलिए अब इस मद में आनेवाले फंड भी मिलने बंद हो गए हैं. उन्होंने बताया कि जिले में अमन चैन बहाल रहे इसके लिए अब नए सिरे से प्राथमिकता तय कर जिले की पुलिस बेहतर और सामुदायिक पुलिसिंग करने को तत्तपर है.






