पूर्वी सिंहभूम: पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा थाना क्षेत्र में शनिवार को थाना प्रभारी विष्णु चरण भोगता के नेतृत्व में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वाहन चालकों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी। इस दौरान हेलमेट, वाहन के वैध कागजात, ओवरलोडिंग तथा अन्य सुरक्षा मानकों की गहन जांच की गई। थाना प्रभारी विष्णु चरण भोगता ने आम लोगों की सुविधा और व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से एक क्यूआर कोड और ऑनलाइन लिंक भी जारी किया है। इस क्यूआर कोड को स्कैन करने या लिंक खोलने पर वाहन से संबंधित जानकारी ऑनलाइन दर्ज की जा सकेगी।

जानकारी के अनुसार आवेदन प्रक्रिया में सबसे पहले क्यूआर कोड स्कैन करना होगा। इसके बाद खुलने वाले ऑनलाइन पेज पर आवेदनकर्ता को अपना नाम, वाहन स्वामी का मोबाइल नंबर, पता, वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर, चालक का नाम, ड्राइविंग लाइसेंस नंबर, आधार नंबर, वाहन से संबंधित मोबाइल नंबर तथा वाहन के प्रकार का विवरण भरना होगा। थाना प्रभारी ने बताया कि इस डिजिटल व्यवस्था से वाहन संचालन में पारदर्शिता बढ़ेगी और क्षेत्र के सभी वाहनों का डाटाबेस तैयार होगा। इससे चोरी या गुम हुए वाहनों को खोजने में आसानी होगी तथा आम लोगों को अनावश्यक परेशानियों से राहत मिलेगी। उन्होंने सभी वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने की अपील भी की।




