गिरिडीह : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिहोडीह(चौधरी मुहल्ला) में मंगलवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। एक नवविवाहिता सुलेखा कुमारी ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। सुलेखा की शादी महज एक माह पूर्व ही पटना लखीसराय के रहने वाले प्रल्हाद तिवारी से कोर्ट मैरिज के जरिए हुई थी। दोनों का प्रेम विवाह था। घटना के वक्त सुलेखा अपनी मां मुन्नी देवी के साथ सो रही थी।

इसी दौरान उसके पति का फोन आया और दोनों में बात करने के दौरान विवाद होने लगा। बातों-बातों में सुलेखा कमरे से बाहर निकली और अपनी मां से बोली “दो मिनट में आती हूं।” पर वो लौटकर कभी नहीं आई। उसने दूसरे कमरे में जाकर अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। थोड़ी देर बाद उसके पति ने घर में रह रहे किरायेदार को फोन कर कहा कि जल्दी देखिए, सुलेखा फांसी लगा रही है। जब दरवाजा नहीं खोला गया तो कमरे के दुछत्ती के सहारे कमरे के अंदर प्रवेश किया गया, तब तक सुलेखा फंदे से झूल चुकी थी। आनन-फानन में उसे गिरिडीह सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि सुलेखा के पिता की मृत्यु दस वर्ष पहले हो चुकी थी। वह गिरिडीह के एक निजी अस्पताल में नर्स का काम कर अपनी मां और छोटे भाई का भरण-पोषण करती थी। बेटी की असमय मौत से मां मुन्नी देवी और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पूरे मुहल्ले में मातम पसरा है। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है।




