रांची : पश्चिमी विक्षोभ का असर झारखंड में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। पूरे राज्य में सोमवार सुबह से बादल छाए हुए हैं, जिससे मौसम का मिजाज बदल गया है। कोल्हान क्षेत्र में जमशेदपुर, चक्रधरपुर और मनोहरपुर समेत कई इलाकों में बारिश हुई है। राजधानी रांची में भी हल्की बारिश दर्ज की गई है। बादलों के कारण रांची का न्यूनतम तापमान करीब दो डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया है।
मौसम विभाग ने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ जिलों में 9 दिसंबर को घना कोहरा छाने की संभावना है। इससे विजिबिलिटी कम हो सकती है, जिससे यातायात पर असर पड़ सकता है। इसके अलावा, पूर्वी-पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों में 10 दिसंबर को घने कोहरे का पूर्वानुमान है।

अन्य जिलों में मौसम साफ रहने की संभावना है। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज होने की उम्मीद है। मंगलवार से राज्यभर में ठंड का असर बढ़ सकता है। घने कोहरे और बदलते मौसम को देखते हुए स्वास्थ्य और यातायात संबंधी सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।




