सरायकेला : गम्हरिया प्रखंड के जशपुर पंचायत स्थित रायबासा पावर सबस्टेशन में बाहरी लोगों को काम दिए जाने और पंचायत के सभी गांवों में बिजली आपूर्ति न होने पर ग्रामीणों ने विरोध दर्ज कराया है। इस मुद्दे पर ग्रामीणों ने पंचायत मुखिया पार्वती सरदार से शिकायत की है। ग्रामीणों ने बताया कि सबस्टेशन निर्माण के समय विभाग और ठेकेदार ने पंचायत के योग्य लोगों को रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन अब बाहरी लोगों को प्राथमिकता दी जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि कार्यपालक अभियंता विशाल कुमार ने पैसे लेकर बाहरी लोगों को सबस्टेशन में नियुक्त किया है। उन्होंने यह भी कहा कि अभियंता की मर्जी के बिना किसी की बहाली नहीं होती। पंचायत के राजगांव, गंजिया, मुड़कम, पाकुड़गोड़ा, महुलडीह समेत अन्य गांवों में अब तक बिजली आपूर्ति शुरू नहीं की गई है। मुखिया पार्वती सरदार ने विभाग की नीति को गलत बताते हुए कहा कि इस मुद्दे को लेकर जल्द ही कार्यपालक अभियंता, संवेदक और अधिकारियों से मुलाकात कर मांग रखी जाएगी।

यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण आंदोलन करेंगे और आवश्यकता पड़ने पर सबस्टेशन में अनिश्चितकालीन तालाबंदी की जाएगी। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कार्यपालक अभियंता विशाल कुमार ने आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि सबस्टेशन में नियुक्तियां आउटसोर्सिंग ठेकेदार के माध्यम से की जाती हैं, और उनकी इस प्रक्रिया में कोई भूमिका नहीं है। ग्रामीणों का आक्रोश इस बात पर है कि पंचायत के लोगों को रोजगार और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित किया जा रहा है, जो उनके साथ किया गया बड़ा अन्याय है।




