सरायकेला : (संजीव मेहता) : नए वर्ष 2025 में सम्पूर्ण आदित्यपुर वासियों को बहुप्रतीक्षित पाइप लाइन जलापूर्ति योजना और अपग्रेडेड आदित्यपुर रेलवे स्टेशन की सौगात मिलने जा रही है. बता दें कि आदित्यपुर के करीब 55 हजार परिवारों को हर वर्ष जनवरी-फरवरी माह से ही पेयजल की समस्या से दो चार होना पड़ता है. चूंकि आदित्यपुर के महज 10 हजार परिवार ही पुराने पाइप लाइन जलापूर्ति योजना से जुड़े हैं, जिन्हें भी इन दिनों पानी की समस्या से जुझना पड़ रहा है. वहीं आदित्यपुर के करीब ढाई लाख आबादी को रेल की समस्याओं से जूझना पड़ रहा है चूंकि कोरोना के बाद से यहां रुकने वाली लगभग ट्रेनों का ठहराव बंद है. बता दें कि इन दोनों योजनाओं के लिए सामाजिक संस्था जन कल्याण मोर्चा ने जनहित याचिका दायर कर रखी है जिसके पहल पर ही हाई कोर्ट ने दोनों योजनाओं को यहां जल्द पूरी करने का आदेश दिया है.
* क्या कहते हैं मोर्चा अध्यक्ष- काफी प्रयास के बाद भी वर्ष 2024 में आदित्यपुर की आम जनता के लिए कुछ खास नहीं हो सका लेकिन दावा है कि सामाजिक संगठन जन कल्याण मोर्चा के प्रयास से एवं माननीय झारखंड उच्च न्यायालय रांची में दायर जनहित याचिका के आदेश एवं असर से वर्ष 2025 में आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में वृहद जलापूर्ति योजना चालू हो जाएगी. जिससे 55 हजार परिवार को घर घर नल से जल उपलब्ध हो जाएगा. वे कहते हैं कि इसके साथ ही आदित्यपुर रेलवे स्टेशन को अपग्रेड कर बी श्रेणी कर जनता के लिए उदघाटन हो जाएगा. बता दें कि माननीय झारखंड उच्च न्यायालय रांची में दायर जनहित याचिका संख्या W.P(PIL)No 154/2013 में दिनांक 21.08.2015 को पारित आदेश के आलोक में आदित्यपुर रेलवे स्टेशन को अपग्रेड कर B श्रेणी करने का काम तेजी से चल रहा है.

वहीं माननीय झारखंड उच्च न्यायालय रांची में दायर जनहित याचिका संख्या WP (PIL)No3629/2023 में सुनवाई के बाद जलापूर्ति के लिए Water Treatment Plant का काम जोर शोर से कराया जा रहा है एवं ये मामला अब भी न्यायालय में सुनवाई के लिए विचाराधीन भी है. उन्होंने जन कल्याण मोर्चा की ओर से नए वर्ष 2025 की सबों को शुभ कामनाएं व्यक्त करते हुए समाज में विकास, सुख शांति की कामना व्यक्त किया है.




