जमशेदपुर: नक्सलियों द्वारा की गई बंद घोषित को लेकर पुलिस मुख्यालय से कोल्हान के सभी थाना तक अलर्ट जारी कर दिया गया है। सभी थाना प्रभारियों को लगातार गश्त करने और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने का आदेश दिया गया है, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी को रोका जा सके।इसे लेकर कोल्हान डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा ने बुधवार को जमशेदपुर एसएसपी कार्यालय समीक्षा बैठक की, जिसमें एसएसपी पीयूष पांडेय, सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी, सभी डीएसपी और थाना प्रभारी शामिल हुए।बैठक में डीआईजी ने कहा कि पश्चिमी सिंहभूम जिला नक्सल प्रभावित इलाका है, जहां लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पिछले पांच सालों से लंबित सभी आपराधिक मामलों के फाइलों को फिर से खोला जाए और तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। ऐसे करीब 70 मामले हैं जिनमें अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है।इसके अलावा दो साल से पुराने मामलों को भी सुलझाने पर ज़ोर दिया गया है।

डीआईजी ने एक विशेष टीम बनाकर सभी फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और नक्सलियों की कोई भी मंशा सफल नहीं होने दी जाएगी। वहीं नक्सली बंदी के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। कोल्हान के संवेदनशील इलाकों में तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है और लगातार गश्त की जा रही है, ताकि आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।




